ब्रेकिंग न्यूज़

जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश 
सरदार पटेल मैदान में होगा जिला स्तरीय समारोह, दो से ढाई हजार लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था
 तीरंदाजी का लाइव प्रदर्शन, पारंपरिक नृत्य-संगीत और जनजातीय वीर गाथाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी मुख्य आकर्षण
 जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार और जनजातीय समाज प्रमुखों का होगा सम्मान
 शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली जनजातीय प्रतिभाओं का किया जाएगा सम्मान
 बालोद/ जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले में भव्य एवं गरिमामय आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित, आकर्षक और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपीं तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जीएल यादव, श्री हरिवंश सिंह मिरी, श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री विजय सिंह कंवर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे। 
 जनजातीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर
 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, विरासत और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए कार्यक्रम में जनजातीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि समारोह में लगाई जाने वाली विभिन्न प्रदर्शनियों, विभागीय स्टॉलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संबंधित जनजातीय समुदाय के लोगों को विशेष रूप से शामिल किया जाए, ताकि उनकी पारंपरिक कला, संस्कृति, जीवनशैली और उपलब्धियों को व्यापक पहचान मिल सके।
 तीरंदाजी, पारंपरिक नृत्य और वीर गाथाओं की होंगी आकर्षक प्रस्तुतियां
समारोह को विशेष और यादगार बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं पारंपरिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें जनजातीय समाज की पारंपरिक तीरंदाजी का लाइव प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही पारंपरिक नृत्य, लोकगीत, संगीत और जनजातीय संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीरता और महान विभूतियों के योगदान को प्रदर्शित करने के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वीर गाथाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत और ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराया जाएगा।
 जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार, जनजातीय समाज प्रमुखों, प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वालों का होगा सम्मान
 कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार, जनजातीय समाज प्रमुखों, शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले जनजातीय समुदाय के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं नागरिकों की पहचान कर उन्हें समारोह में सम्मानित किया जाए। इससे प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा तथा अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की प्रतिभाओं और उपलब्धियों को सम्मान देना आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। 
 सरदार पटेल मैदान में होगी लगभग ढाई हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
 जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के आयोजन के लिए सरदार पटेल मैदान का चयन किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर लगभग दो से ढाई हजार लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, पार्किंग, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते पूरी की जाए, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
 विभागीय समन्वय से समय-सीमा में पूरी करें तैयारियां
 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए तथा सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही आयोजन को गरिमामय एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाए।
 जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन जिले में जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, वीरता और उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ समाज के युवाओं को अपनी पहचान और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english