स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, लाटाबोड़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
बालोद/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार हेतु तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा जारी प्लान आफ एक्शन के अन्तर्गत श्री श्याम लाल नवरत्न, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के आदेशानुसार विगत 03 नवंबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, लाटाबोड़ में सुश्री भारती कुलदीप, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस बात पर विशेष बल दिया कि अपने अधिकारों को जानना जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक दूसरों के अधिकारों एवं सम्मान का संरक्षण करना भी है। बच्चे देश का भविष्य हैं तथा उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षित बचपन अभियान के संबंध में उन्होंने बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थिति में बिना भय के सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया के दुरुपयोग एवं व्यक्तिगत जानकारी के अनधिकृत प्रसार से बचने की समझाइश दी तथा इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने पर जोर दिया। वहीं नालसा शिक्षा योजना, 2026 के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने शिक्षा के महत्व, समान शैक्षणिक अवसरों एवं विधिक जागरूकता के माध्यम से बच्चों को सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होना चाहिए, ताकि वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सके।
अंत में उन्होंने सभी बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कु. कुसुमांजलि सिन्हा, प्रथम अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी बालोद, कु. अंजुम आरा, द्वितीय अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी बालोद, विद्यालय प्राचार्य, समस्त विद्यालय परिवार एवं पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।








.jpeg)

Leave A Comment