ब्रेकिंग न्यूज़

 नोनी सुरक्षा योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना से बेटी के उज्ज्वल भविष्य की राह हुई आसान

राजनांदगांव । नोनी सुरक्षा योजना सामान्य आय वाले परिवारों के लिए बेटियों की शिक्षा और उसके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। बेटी के जन्म के साथ ही उसके भविष्य की बेहतर तैयारी के लिए यह योजना अभिभावकों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। छुरिया विकासखंड के ग्राम गुण्डरदेही निवासी श्रीमती फुलेश्वरी साहू ने अपनी बेटी गरिमा के उज्ज्वल भविष्य के लिए नोनी सुरक्षा योजना का लाभ लिया है। साथ ही सुकन्या समृद्धि खाते के माध्यम से नियमित बचत की शुरूआत की है।
श्रीमती फुलेश्वरी साहू सामान्य आय वाले परिवार से हैं। वर्ष 2015 में उनकी प्रथम संतान के रूप में पुत्री गरिमा साहू के जन्म पर बहुत खुशी हुई। बेटी के जन्म के साथ ही उसकी शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य तथा अन्य आवश्यकताओं के लिए राशि बचत करने का मन बनाया। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुशीला मालेकर के माध्यम से नोनी सुरक्षा योजना की जानकारी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य और उनके सशक्तिकरण के उद्देश्य से नोनी सुरक्षा योजना संचालित की जा रही है। योजना में राज्य शासन द्वारा लाभार्थी बालिका के नाम पर भारतीय जीवन बीमा निगम में 5 वर्षों तक प्रतिवर्ष 5000 रूपए कुल 25000 रूपए जमा किए जाते हैं। बालिका के 18 वर्ष की आयु पूरी करने और कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होने पर 1 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक सोच लाना, भु्रण हत्या रोकना, शिक्षा को बढ़ावा देना एवं बाल विवाह पर रोक लगाना है। नोनी सुरक्षा योजना की जानकारी मिलने के बाद श्रीमती फुलेश्वरी साहू ने अपनी पुत्री गरिमा साहू को योजना का लाभ दिलाने के लिए उसका योजना के तहत पंजीयन कराया।
नोनी सुरक्षा योजना से जुडऩे के साथ ही श्रीमती फुलेश्वरी ने अपनी पुत्री गरिमा के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता भी खुलवाया है। वह इस खाते में प्रतिमाह 500 रूपए जमा कर रही हैं। इस तरह शासन की योजना से मिलने वाले सहयोग के साथ वह स्वयं भी नियमित बचत कर बेटी के भविष्य के लिए आर्थिक आधार तैयार कर रही हैं। श्रीमती फुलेश्वरी साहू ने बताया कि बेटी के जन्म के बाद से ही उसके भविष्य के लिए राशि बचत करना चाहती थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से नोनी सुरक्षा योजना की जानकारी मिलने पर अपनी बेटी गरिमा का पंजीयन कराया। इसके साथ ही उसके नाम से सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर प्रतिमाह 500 रूपए जमा कर रही हैं। इससे उन्हें बेटी के भविष्य के लिए बचत करने की प्रेरणा और आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से बेटियों के भविष्य को लेकर पालकों में सकारात्मक सोच विकसित हो रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए ऐसी योजनाएं बेटियों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों के लिए सहारा बन रही हैं। उन्होंने अपनी बेटी के भविष्य के लिए शासन द्वारा संचालित सुकन्या समृद्धि योजना एवं नोनी सुरक्षा योजना लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english