ब्रेकिंग न्यूज़

कुमकुम की नजरें स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पर
शिलांग/एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली महाराष्ट्र की किशोर तीरंदाज कुमकुम मोहोड ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सोमवार को यहां राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में महाराष्ट्र को रिकर्व वर्ग के तीन फाइनल में पहुंचा दिया। सत्रह वर्षीय कुमकुम आइची-नागोया एशियाई खेलों 2026 में रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए कोटा स्थान भी हासिल किया था। वह राष्ट्रीय तीरंदाजी में पहले ही व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बना चुकी हैं।
 इसके बाद उन्होंने शरवरी शेंडे और गाथा खड़के के साथ मिलकर महाराष्ट्र को महिला टीम स्पर्धा के फाइनल में पहुंचाया। वहीं पार्थ सालुंखे के साथ जोड़ी बनाकर मिश्रित टीम स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में भी स्थान सुनिश्चित किया। पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) ने छत्तीसगढ़ को 6-0 से हराया, जबकि महाराष्ट्र ने मध्य प्रदेश को 6-2 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। कांस्य पदक के मुकाबले में मध्य प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 6-2 से हराया। महिला रिकर्व सेमीफाइनल में महाराष्ट्र ने एसएससीबी को 6-0 से एकतरफा शिकस्त दी। हरियाणा ने अखिल भारतीय पुलिस (एआईपी) को 6-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। कांस्य पदक मुकाबले में एआईपी ने एसएससीबी को 5-3 से हराया। मिश्रित टीम रिकर्व स्पर्धा के सेमीफाइनल में महाराष्ट्र ने बिहार को 6-0 से शिकस्त दी, जबकि रेलवे खेल प्रोत्साहन बोर्ड (आरएसपीबी) ने एसएससीबी को 5-3 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। कांस्य पदक के मुकाबले में बिहार ने एसएससीबी को 5-3 से हराकर बाजी मारी।
 कंपाउंड तीरंदाजी में उत्तर प्रदेश ने महिला और मिश्रित टीम स्पर्धाओं के फाइनल में पहुंचकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। वहीं पंजाब ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों के खिताबी मुकाबलों में जगह बनाई। पुरुष कंपाउंड स्पर्धा का फाइनल पंजाब और मध्य प्रदेश के बीच खेला जाएगा।
 सेमीफाइनल में पंजाब ने राजस्थान को 235-232 से हराया। वहीं मध्य प्रदेश और आरएसपीबी के बीच मुकाबला 233-233 से बराबर रहा। इसके बाद शूट-ऑफ में मध्य प्रदेश ने 28-27 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। कांस्य पदक मुकाबले में राजस्थान ने रेलवे को बेहद करीबी मुकाबले में 234-233 से हराया।
 महिला कंपाउंड स्पर्धा के सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र को 233-231 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में उसका सामना पंजाब से होगा, जिसने दिल्ली को 233-226 से पराजित किया। कांस्य पदक मुकाबले में महाराष्ट्र ने दिल्ली को 235-228 से हराया। मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धा में भी उत्तर प्रदेश ने असम को 157-153 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली ने तेलंगाना को 156-153 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। कांस्य पदक मुकाबले में तेलंगाना ने असम को कड़े संघर्ष में हराकर पदक अपने नाम किया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english