स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, झलमला में विधिक जागरूकता शिविर
बालोद. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार हेतु तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा जारी प्लान आफ एक्शन के अन्तर्गत श्री श्याम लाल नवरत्न, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के आदेशानुसार 03 नवंबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, झलमला में श्री आनंद प्रकाश दीक्षित, प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बालोद एवं श्री कृष्ण कुमार सूर्यवंशी, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.एस.सी.) बालोद के द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण, बाल अधिकारों तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षित वातावरण की आवश्यकता पर विशेष प्रकाश डाला गया।
सुरक्षित बचपन अभियान के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, बाल शोषण एवं बाल उत्पीड़न जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति सजग रहने तथा किसी भी अप्रिय परिस्थिति में बिना भय के उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, तकनीकी युग में तेजी से बढ़ती साइबर आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक एवं डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की आवश्यकता बताई गई। इसी क्रम में नालसा शिक्षा योजना के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए शिक्षा के महत्व, प्रत्येक बच्चे के शैक्षणिक अधिकार, शिक्षा प्राप्त करने में आने वाली बाधाओं तथा जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों को उपलब्ध विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों का संरक्षण, डिजिटल सुरक्षा और शिक्षा तक समान पहुंच एक सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। इस प्रकार विधिक जागरूकता के माध्यम से बच्चों को न केवल अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने, बल्कि उन्हें सुरक्षित भविष्य एवं बेहतर अवसरों के लिए सशक्त बनाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य, समस्त विद्यालय परिवार, श्री रमेश कुमार शर्मा सर जी, सेवा निवृत शिक्षक एवं पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे, इनके अलावा विद्यालय के सभी स्टाफ उपस्थित रहे।








.jpeg)

Leave A Comment