धान खरीदी के पहले ही दिन जिले में 750 किसानों से 2,489.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी
0- जिले ने दर्ज की बड़ी उपलब्धि, प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा जिला
0- प्रदेश में कुल खरीदी का लगभग 12.27 प्रतिशत अकेले जिले का योगदान
0- जिले के 130 उपार्जन केंद्रों में सुचारू रूप से शुरू हुई खरीदी, 698 किसानों ने ‘तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे प्राप्त किया टोकन
बालोद. खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले ही दिन जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में धान खरीदी की शुरुआत उत्साहजनक रही और प्रदेश के जिलों के तुलनात्मक आंकड़ों में बालोद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। 15 नवंबर को जिले के 130 धान उपार्जन केंद्रों में कुल 750 किसानों से 2,489.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। प्रदेश में पहले दिन कुल 20,282.36 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई, जिसमें अकेले जिले की हिस्सेदारी लगभग 12.27 प्रतिशत रही। यह उपलब्धि जिले में धान खरीदी के लिए की गई सुव्यवस्थित तैयारियों और प्रभावी व्यवस्था को दर्शाती है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल नेतृत्व एवं उनके निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। खरीदी के पहले ही दिन मिले सकारात्मक परिणाम से जिले की बेहतर तैयारियों का परिचय मिला है।
प्रदेश के तुलनात्मक आंकड़ों में बालोद दूसरे स्थान पर
उल्लेखनीय है कि मार्कफेड की 15 नवंबर की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में पहले दिन सर्वाधिक 2,658.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी राजनांदगांव जिले में हुई। इसके बाद बालोद जिला 2,489.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं महासमुंद जिले में 2,087.64 मीट्रिक टन तथा धमतरी जिले में 1,998.32 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई। इस प्रकार बालोद जिले ने पहले ही दिन प्रदेश के प्रमुख धान उत्पादक जिलों के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
750 किसानों ने बेचा धान, 698 किसानों ने अपनाया डिजिटल माध्यम
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले दिन जिले में कुल 848 टोकन जारी किए गए थे। इनके माध्यम से 3,074.06 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित थी। इनमें 792 टोकन किसानों ने ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं प्राप्त किए, जबकि 56 टोकन सेवा सहकारी समितियों द्वारा जारी किए गए।
पहले दिन वास्तव में हुई कुल खरीदी में 698 किसानों ने मोबाइल ऐप से प्राप्त टोकन के माध्यम से 2,294.40 मीट्रिक टन धान का विक्रय किया। वहीं समितियों के माध्यम से टोकन प्राप्त कर 52 किसानों ने 194.68 मीट्रिक टन धान बेचा। इस तरह कुल 750 किसानों से 2,489.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। आंकड़े बताते हैं कि पहले दिन धान बेचने वाले 90 प्रतिशत से अधिक किसानों ने डिजिटल माध्यम से टोकन प्राप्त कर इस सुविधा का लाभ उठाया।
किसानों की सुविधा और पारदर्शी खरीदी पर प्रशासन का विशेष जोर
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में बारदाना, तौल व्यवस्था, पेयजल, छाया सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने तथा किसानों को होने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और किसान हितैषी बनाना है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पहले ही दिन प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल करना जिले के लिए उत्साहजनक शुरुआत है। आने वाले दिनों में भी बेहतर समन्वय, सतत निगरानी और किसान सुविधाओं के माध्यम से धान खरीदी अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के प्रयास जारी रहेंगे।








.jpeg)

Leave A Comment