- Home
- देश
- नई दिल्ली। एअर इंडिया के लंदन से दिल्ली आए विमान में सवार छह यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि विमान सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे यहां पहुंचा था।अधिकारी ने कहा, दिल्ली हवाईअड्डे पर पांच यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। अन्य विमान में चेन्नई के लिए रवाना हुए एक यात्री की वहां जांच की गई और उसके भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार को कहा था कि कोरोना वायरस का नया प्रकार (स्ट्रेन) सामने आने के मद्देनजर 23 से 31 दिसम्बर तक ब्रिटेन से भारत आने-जाने वाली उड़ानें स्थगित रहेंगी। उसने कहा था कि मंगलवार तक ब्रिटेन की उड़ानों से आने वाले सभी यात्रियों की हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद कोविड-19 जांच अनिवार्य होगी।
- सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के कोतवाली नगर के अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर पांचोपीरन पशु बाजार के पास मंगलवार रात ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली के पलट जाने से एक मजदूर की मौत हो गयी, जबकि दो जख्मी हो गए।घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की रात्रि लगभग आठ बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के पांचोपीरन के पास कुड़वार थाना क्षेत्र के बेला पश्चिम स्थित अमित सिंह के भट्टे पर काम करने वाले 50 वर्षीय धर्मेंद्र, अरविंद व बाबू लल्ले ईंट लादकर कहीं उतारने जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और उसकी ट्रॉली पलट गई।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा है कि सितंबर के मध्य से देश में कोरोना संक्रमित रोगियों की संख्या निरंतर कम हो रही है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि एक सौ 63 दिनों के बाद इलाज करा रहे संक्रमित लोगों की संख्या 3 लाख से कम रह गई है। उन्होंने कहा कि कई देशों में प्रति 10 लाख आबादी पर 50 हजार से अधिक लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, लेकिन भारत में प्रति 10 लाख की आबादी पर 7 हजार 300 लोग ही संक्रमित हुए, जो विश्व में सबसे कम है। विश्व में संक्रमण की औसत दर नौ हजार 697 है।स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि देश में पिछले 7 सप्ताहों में संक्रमित लोगों की दैनिक औसतन संख्या में लगातार गिरावट देखी गई है। उन्होंने कहा कि 16 और 22 दिसंबर के बीच रोजाना औसतन 24 हजार एक सौ 35 लोग संक्रमित हुए। जबकि 4 और 10 नवम्बर के बीच दैनिक औसत 46 हजार तीन सौ एक रहा। श्री भूषण ने कहा कि देश में प्रति दस लाख आबादी पर मृत्यु दर भी विश्व में सबसे कम है। भारत में मृत्यु दर औसतन एक सौ छह जबकि दुनिया में दो सौ 16 है। उन्होंने कहा कि अब तक 16 करोड़ 30 लाख से अधिक जांच की गई हैं।स्वास्थ्य मामलों संबंधी नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी. के. पॉल ने बताया कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस के रूप बदलने के कारण संक्रमण बढ गया है। इससे रोग की गंभीरता और मृत्यु दर प्रभावित नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह वायरस का नया रूप अभी भारत में नहीं देखा गया है। डॉक्टर पॉल ने कहा कि चिंता का कोई कारण नहीं है, घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वायरस के नए रूप से विकसित की जा रही वैक्सीन की क्षमता पर अभी तक कोई दुष्प्रभाव नहीं देखा गया है।
- -स्वस्थ होने की दर बढ़ कर 95.65 प्रतिशत हुईनई दिल्ली। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 95.65 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान तीस हजार से ज्यादा कोविड रोगी ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि ठीक होने वालों का आंकडा 96 लाख 36 हजार से अधिक हो गया है। देश में कुल सक्रिय मामले 2.90 प्रतिशत है। वर्तमान में देश में संक्रमण के दो लाख 92 हजार सक्रिय मामले हैं।पिछले 24 घंटों में 19 हजार 556 नये मामलों की पुष्टि हुई। मंत्रालय ने बताया है कि टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की नीति अपनाने से स्वस्थ होने की दर बढ़ी है और मृत्यु दर में कमी हुई है। वर्तमान में मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 301 रोगियों की इस संक्रमण से मौत होने से मरने वालों की संख्या एक लाख 46 हजार 111 हो गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार पिछले 24 घंटों में 10 लाख 72 हजार से अधिक कोरोना नमूनों की जांच की गई। अब तक 16 करोड 31 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है।
-
यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार की सुबह भीषण हादसा हो गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक कार कंटेनर से टकरा गई। इससे कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। टक्कर के बाद कंटेनर में भी आग लग गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कार में सवार परिवार लखनऊ का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार हादसा थाना खंदौली क्षेत्र में तड़के तकरीबन 4.30 बजे हुआ। कार आगरा से नोएडा की ओर जा रही था। यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 160 के नजदीक आगे चल रहे कंटेनर से कार टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। एक्सप्रेसवे के बूथ के कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी चालक कंटेनर छोड़कर भाग चुका था।
सूचना पाकर दमकल की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच गई। किसी तरह आग बुझाई गई। तब तक कार में सभी सवार लोगों की मौत हो चुकी थी। बताया गया है कि कंटेनर चालक ने कंटेनर को अचानक मोड़ दिया था। पीछे से आ रही कार तेज रफ्तार में थी। इससे कार अनियंत्रित होकर कंटेनर के डीजल टैंक से टकराई गई थी। हादसे के बाद कार सेंट्रल लॉक हो जाने के कारण उसमें सवार लोग दरवाजा नहीं खोल पाए। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला। आग लगते कार आग का गोला बन गई, वहां मौजूद लोग भी उन्हें बचाने में बेबस थे। हादसे में मरने वाले लोगों की पहचान हो गई है। कार में लखनऊ का परिवार सवार था। इनमें मुरली मनोहर, उनकी पत्नी, चचेरी बहन, सास और ड्राइवर हैं। ड्राइवर उनन्नाव का है।
इनकी हुई मौत
- मुरली मनोहर सरोज 35 वर्ष पुत्र स्वर्गीय राम फल निवासी तकिया प्रेमवती नगर गढ़ी कानोरा थाना आलमगंज, लखनऊ
- सीमा देवी पत्नी मुरली मनोहर सरोज उम्र करीब 32 वर्ष
- मंजू देवी चचेरी बहन मृतक मुरली पुत्री रामबरन निवासी बिशन दास पुर थाना गौरीगंज अमेठी
- सिरताज 58 वर्ष पत्नी कमल किशोर निवासी तकिया प्रेमवती नगर गढ़ी कनौरा थाना आलमबाग लखनऊ
- चालक संदीप पुत्र राजकुमार निवासी हाल पता- इलमास बाग अमर सिंह टिंबर स्टोर लखनऊ मूल निवासी गांव मिर्जापुर थाना औरास उन्नाव -
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी में तेज रफ्तार कार ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल के सामने हुए एक्सीडेंट के बाद मौके पर ही अस्पताल स्टाफ पहुंच गया, लेकिन युवक को नहीं बचाया जा सका। युवक ने पत्नी के सामने ही दम तोड़ दिया। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई। बताया जाता है कि युवक हेलमेट नहीं पहने था। अस्पताल स्टाफ के मुताबिक अगर युवक हेलमेट पहने होता, तो शायद युवक की जान बच सकती थी।आरोपी ड्राइवर मौके पर ही कार छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मूलत: नरसिंहपुर निवासी 30 साल के लालगिरी सिंह उर्फ कन्हैयालाल पिता अमर सिंह अयोध्या नगर में रहता था। वह पिपलानी के इंद्रपुरी में स्थित होटल में काम करता था। उसकी पत्नी दो दिन पहले बैरसिया के अगरिया अपने मायके गई थी। सोमवार शाम एक्टिवा पर अपनी पत्नी को लेकर ससुराल से घर लौट रहा था। ईटखेड़ी थाने से एक किमी आगे भोपाल की ओर से आ रही कार ने सामने से टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि दोनों ही गाडिय़ों की स्पीड काफी अधिक थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों दूर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले की जांच कर रहे अधिकारी मकरंद पांडे ने बताया कि रोड अच्छा और सीधा होने के कारण यहां पर वाहनों की रफ्तार अधिक रहती है। हादसे के दौरान कार की स्पीड अधिक थी। इसी कारण आरोपी ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया। -
सिवनी। जबलपुर-नागपुर नेशनल हाइवे पर बंडोल इलाके में सोमवार रात भीषण हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार टोल प्लाजा पर खड़े टैंकर में जा घुसी। हादसे में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बंडोल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बनारस से एक परिवार कार से निरमंगला, बेंगलुरु जा रहा था। बंडोल के पास अलोनिया टोल नाके पर तेज रफ्तार और सामने नाका नजर नहीं आने के कारण कार वहां खड़े टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि काफी दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। हादसे के बाद का मंजर बेहद दर्दनाक था। कार के परखच्चे उड़ चुके थे और शव कार में ही फंस गए थे। घायल हुए लोग भी कार में फंस गए थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और टोल नाका कर्मचारियों ने वाहन से घायलों और शवों को निकालने की कोशिश की। लोगों को बाहर निकालना काफी मुश्किल हो रहा था। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मारे गए लोगों के नाम सरिता पटेल पिता विजय बहादुर, विजय बहादुर पटेल पिता हीरालाल, अजय कुमार पिता विजय बहादुर, राधा पटेल पति पंकज पटेल हैं। एक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। कार को विजय बहादुर पटेल चला रहा था।
हादसे में बच्चे ही जिंदा बचे
सड़क हादसे में परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन बच्चे ही जिंदा बच सके हैं। इनके नाम श्रेया पिता सुरेंद्र पटेल (9), प्रखर पिता पंकज पटेल (5) और वंदना पिता विजय बहादुर पटेल हैं। वंदना ने ही पुलिस को परिजन के नाम बताए। -
सड़क हादसे में दो गंभीर
जयपुर। जयपुर में सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई जबकि दो गंभीर हैं। हादसा सोमवार देर रात एक बजे गोपालपुरा बाईपास रोड पर रिद्धी-सिद्धी चौराहे के पास हुआ। कार में 5 दोस्त सवार थे और तेज रफ्तार से कार चला रहे थे। शहर में नाइट कफ्र्यू होने की वजह से सड़क पर सन्नाटा भी था। ऐसे में बेकाबू स्पीड से चल रही कार आगे चल रहे डंपर में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी युवक कार में ही फंस गए। इसमें तीन की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक राकेश (32), मुकेश (30) और पुष्पेंद्र जाट (30) नाम के युवकों की मौत हो गई। हादसे में दलजीत (23) और विवेक (24) घायल हैं। मृतक राकेश सीकर जिले के लोसल, मुकेश झुंझुनूं जिले के पोसना और पुष्पेंद्र जाट भरतपुर जिले के पथेना का रहने वाला था। पुष्पेंद्र गोपाल पूरा बायपास पर हॉस्टल चलाता था।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार विक्की नाम का युवक देर रात पुष्पेंद्र से मिलने आया था। दोनों में हॉस्टल को लेकर बातचीत हुई। इसके बाद पुष्पेंद्र विक्की की गाड़ी लेकर रवाना हो गया था। वहीं, राकेश और मुकेश मानसरोवर में रहकर कपड़ों का काम कर रहे थे। यह सभी रात एक बजे कार में गोपालपुरा चौराहे से गुर्जर की थड़ी की तरफ जा रहे थे। त्रिवेणी नगर पुलिया से नीचे उतरने के बाद रिद्धी-सिद्धी चौराहे के पास कार आगे चल रहे एक डंपर में घुस गई। नाइट कफ्र्यू की वजह से सड़क भी सुनसान पड़ी थी। हादसे के बाद सभी को नाकाबंदी कर रही पुलिस ने हॉस्पिटल पहुंचाया। इस वजह से देर रात काफी देर तक सभी लड़के कार में ही फंसे रहे। बाद में किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। तब गश्त पर मौजूद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दुर्घटना थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को कार से बाहर निकाला गया। इनमें तीन ने दम तोड़ दिया था। जबकि दो को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। पुलिस ने शवों को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। - नई दिल्ली। वकीलों की शीर्ष संस्था और देश में कानूनी शिक्षा के नियामक बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने सोमवार को कहा कि वह 21 मार्च, 2021 को सोलहवीं अखिल भारतीय बार परीक्षा आयोजित करेगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 26 दिसंबर, 2020 को प्रारंभ होगा और उसकी आखिरी तारीख 21 फरवरी, 2021 है।बीसीआई ने एक विज्ञप्ति ने कहा, '' परीक्षा शुल्क भुगतान की आखिरी तारीख 23 फरवरी, 2021 होगी और ऑनलाइन फार्म को पूरा करने की आखिरी तारीख 26 फरवरी, 2021 होगी।'' उसने कहा, ''प्रवेश पत्र छह मार्च, 2021 को जारी किया जाएगा और परीक्षा 21 मार्च, 2021 को होगी।''इस बीच, बार काउंसिल ने कहा कि कोविड-19 महामारी के चलते स्थगित कर दी गयी पंद्रहवीं अखिल भारतीय बार परीक्षा 24 जनवरी, 2021 को होगी। उसने कहा कि यह परीक्षा देश में 50 शहरों के 140 केद्रों पर होने वाली है।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि विशेषज्ञों के परामर्श के बाद सरकार ने कोविड टीके को लगाने के लिए तीस करोड लोगों की प्राथमिकता तय की है। इनमें स्वास्थ्य कर्मी तथा पुलिस सेना और स्वच्छताकर्मी जैसे अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता शामिल हैं।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह टीका 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को तथा 50 वर्ष से कम आयु के उन लोगों को भी दिया जाएगा जो कुछ अन्य बीमारियों से ग्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता टीके की सुरक्षा और असर को लेकर है तथा इस विषय पर पूरी सतर्कता बरती जायेगी। डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से उन्हें विश्वास है कि अगले वर्ष जनवरी के किसी सप्ताह में हम इस स्थिति में आ जायेंगे कि देशवासियों को कोविड टीके की पहली खुराक दी जा सके।
- नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली में छोटा सा ढाबा चलाने वाले कांता प्रसाद ने मालवीय नगर इलाके में सोमवार को नया रेस्तरां खोला। 'बाबा का ढाबा' के मालिक प्रसाद हाल में सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय थे। नए रेस्तरां का नाम भी 'बाबा का ढाबा' ही रखा गया है।प्रसाद ने बताया, '' मैंने एक नया रेस्तरां खोला है जो मेरे छोटे से ढाबे के पास ही है। हम भारतीय एवं चीनी व्यंजन परोसेंगे और इसके लिए दो खानसामों को नौकरी पर रखा है। मैं अपना पुराना ढाबा भी चलाता रहूंगा।'' अस्सी वर्षीय प्रसाद ने बताया कि उन्होंने रेस्तरां खोलने के लिए किराये पर जगह ली है।सामाजिक कार्यकर्ता तुषांत अदलखा ने बताया कि रेस्तरां बुधवार से शुरू हो जाएगा। वह प्रसाद के साथ काम भी करते हैं। अदलखा ने बताया, " सोमवार को रेस्तरां का उद्घाटन था। प्रसाद को रसोई तैयार करने में दो दिन लगेंगे और बुधवार से वे ग्राहकों को व्यंजन परोसना शुरू कर देंगे।" उन्होंने बताया कि रेस्तरां में बैठ कर खाने और पैक करा कर ले जाने की व्यवस्था है। उन्होंने दो खानसामों को नौकरी पर रखा और परिवार के सदस्य भी रेस्तरां में मदद करेंगे।गौरतलब है कि एक यूट्यूबर ने प्रसाद की एक वीडियो बनाई थी जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। इस वीडियो में प्रसाद रोते हुए लॉकडाउन की वजह से हुई आर्थिक परेशानियों को बता रहे थे। वीडियो वारयल होने के करीब एक महीने बाद प्रसाद ने यूट्यूबर के खिलाफ कोष के गबन का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
- सिवनी (मप्र)। सिवनी जिले में एक तेज रफ्तार कार जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बंडोल थाना अंतर्गत अलोनिया टोल प्लाजा के पास खड़े एक टैंकर में जा घुसी, जिससे कार में सवार एक ही परिवार की तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।बंडोल पुलिस थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर ने बताया कि अलोनिया टोल प्लाजा के पास सोमवार की शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार कार वहां खड़े एक टैंकर में जा घुसी। इससे कार में सवार आठ लोगों में से पांच की मौके पर मौत हो गई। इनमें तीन महिलाएं व दो पुरूष हैं। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पंचेश्वर ने बताया कि सभी मृतक व घायल एक ही परिवार हैं। उन्होंने कहा कि मृतकों में विजय बहादुर पटेल, उनकी पत्नी सरिता, उनका बेटा अजय कुमार, राधा पटेल एवं एक अन्य महिला शामिल है। वहीं, घायलों में विजय बहादुर की बेटी चंदना (20), राधा का बेटा पंकज पटेल (4) एवं श्रेया (9) शामिल हैं।पंचेश्वर ने कहा प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय कार में सवार पटेल परिवार बनारस (उत्तर प्रदेश) से कर्नाटक के बेंगलुरू लौट रहा था। उन्होंने कहा कि यह भीषण हादसा टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। कार को विजय बहादुर पटेल चला रहे थे। पंचेश्वर ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद कई टन वजनी टैंकर काफी तेजी से आगे बढ़ गया और कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। बाद में टोल कर्मचारियों ने कार के पास पहुंचकर मृतकों व घायलों को बाहर निकाला।
- - कश्मीर में चिल्लई कलां की शुरुआतनई दिल्ली। उत्तर भारत के कई हिस्से शीत लहर की चपेट में हैं और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं कश्मीर में सोमवार से कड़ाके की सर्दी की 40 दिन की अवधि 'चिल्लई कलां' की शुरुआत हो गई। घाटी में 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक यानी 40 दिन की अवधि को सर्दी के मौसम का सबसे ठंडा समय माना जाता है क्योंकि यहां इस दौरान तापमान में काफी गिरावट आती है, जल स्रोत जम जाते हैं और घाटी में तापमान जमाव बिंदू (शून्य) से भी नीचे होने की वजह से पानी आपूर्ति में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।ताजा पश्चिमी विक्षोभ से हिमालय के ऊपरी हिस्सों के प्रभावित होने के चलते दिल्ली में न्यूनतम तापमान सोमवार को थोड़ी वृद्धि के साथ 5.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। मौसम अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी। पंजाब और हरियाणा में भी शीत लहर चल रही है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अमृतसर भी सर्दी की चपेट में है और वहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा भी ठंड की चपेट में है और अम्बाला में रात में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस जबकि हिसार में 5.5 और नारनौल में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।कश्मीर में अधिकारियों ने बताया कि बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई लेकिन फिर भी पारा जमाव बिंदू से नीचे रहा। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो बीती रात के न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। वहीं पहलगाम में तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि गुलमर्ग में तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है और राज्य में दूरदराज के स्थानों पर शीतलहर चल रही है। सोनभद्र जिले में चुर्क राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मौसम शुष्क है और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा और कुछ दूरदराज स्थानों पर कड़ाके की शीत लहर चल रही है।राजस्थान में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, राज्य के एकमात्र पर्वतीय स्थल माउंट आबू में रविवार रात तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के मैदानी भागों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है।हिमाचल प्रदेश में भी लोगों को कड़ाके की शीत लहर से थोड़ी राहत मिली है क्योंकि राज्य में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, यहां तापमान शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा में गंभीर शीत लहर जबकि गुजरात के कच्छ क्षेत्र, तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा वाले क्षेत्र में शीत लहर चलने की संभावना है।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने सोमवार को नई दिल्ली में भारत में तेंदुओं की स्थिति पर रिपोर्ट जारी की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत में पिछले कुछ वर्षों में बाघ, शेर, तेंदुए की संख्या में हुई बढ़ोतरी इस बात का प्रमाण है कि देश में वन्य जीवों के संरक्षण के प्रयास अच्छे परिणाम दे रहे हैं और वन्य जीवों की संख्या और जैव विविधता में सुधार हो रहा है।ताजा रिपोर्ट के अनुसार भारत में तेंदुओं की संख्या 12,852 तक पहुंच गई है। जबकि इसके पहले 2014 में हुई गणना के अनुसार देश में 7,910 तेंदुए थे। इस अवधि में तेंदुओं की संख्या में 60 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। गणना के अनुसार मध्य प्रदेश में 3,421 तेंदुए, कर्नाटक में 1,783 तेंदुए और महाराष्ट्र में 1,690 तेंदुए, दूसरे राज्यों की तुलना में सबसे ज्यादा पाए गए हैं।इस मौके पर श्री जावडेकर ने कहा कि जिस तरह से भारत में टाइगर की निगरानी की गई है, उसका फायदा पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को हुआ है और उसी वजह से तेंदुए जैसी प्रजातियों की संख्या में बढ़ोतरी करना आसान हुआ है। भारत ने टाइगर सर्वेक्षण में भी विश्व रिकॉर्ड बनाया है। जिसने तेंदुए की संख्या और टाइगर रेंज में कुल 12,852 (12,172-13,535) तेंदुए की मौजूदगी का भी आकलन किया है। तेंदुए शिकार से संरक्षित क्षेत्रों के साथ-साथ बहु उपयोग वाले जंगलों में भी पाए जाते हैं। गणना के दौरान कुल 51,337 तस्वीरें ली गई जिसमें से 5240 वयस्क तेंदुओं की पहचान की गई है। जिसके लिए गणना करने वाले खास सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया। सांख्यिकी विश्लेषणों के अधार पर टाइगर क्षेत्र में कुल 12,800 तेंदुओं की गणना की गई है।तेंदुओं की संख्या की गणना न केवल टाइगर रेंज में की गई बल्कि गैर वन वाले क्षेत्र जैसे कॉफी, चाय के बागान और दूसरे भौगोलिक क्षेत्र में भी की गई है, जहां पर तेंदुए पाए जाने की संभावना होती है। गणना में हिमालय के ऊंचाई क्षेत्र, शुष्क क्षेत्र से लेकर पूर्वोत्तर भारत के क्षेत्रों को शामिल नहीं किया गया है। इन क्षेत्रों को शामिल नहीं करने की प्रमुख वजह यह है कि इन क्षेत्रों में तेंदुओं की संख्या बेहद कम होने के आसार हैं।एक अहम बात और यह है कि बाघ की निगरानी से तेंदुए जैसी प्रजातियों का आकलन करने में भी मदद मिली है। द नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी और वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एनटीसीए-डब्ल्यूआईआई) जल्द ही दूसरी प्रजातियों के बारे में जानकारी साझा करेगा।
- नई दिल्ली। ब्रिटेन में कोविड महामारी की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर भारत सरकार ने ब्रिटेन से भारत की लिए आने वाली सभी उड़ानों को 31 दिसम्बर, 2020 तक रद्द कर दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि यह निलंबन कल 22 दिसम्बर मध्य रात्रि से शुरू होगा।मंत्रालय ने कहा कि 22 दिसम्बर को रात 12 बजे तक ब्रिटेन से भारत पहुंचने वाले सभी यात्रियों का आरटी-पीसीआर टैस्ट अनिवार्य होगा।नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी ने जानकारी दी है कि यूनाइटेड किंगडम से भारत आने वाली सभी उड़ानें 22 दिसंबर से लेकर 31 दिसंबर 2020 तक अस्थायी रूप से स्थगित रहेंगी। उन्होंने कहा कि कुछ देशों में कोरोना वायरस के एक नए स्ट्रेन के प्रसार से उत्पन्न स्थिति को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने सभी आवश्यक सावधानी बरतने का फैसला किया है।यूनाइटेड किंगडम में कोविड-19 की उभरती स्थिति को देखते हुए, भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि यूनाइटेड किंगडम से आने और जाने वाली सभी सभी उड़ानें 31 दिसंबर 2020 (23.59 बजे) तक स्थगित रहेंगी। उड़ानों की यह रोक 22 दिसम्बर 2020 को 23.59 बजे से लागू होगी। हालांकि, यह प्रतिबंध डीजीसीए द्वारा विशेष रूप से अनुमोदित अंतरराष्ट्रीय पूर्ण -कार्गो परिचालन और उड़ानों पर लागू नहीं होगा।अन्य देशों से भारत के लिए उड़ान भरने वाली विमान सेवाएं यूनाइटेड किंगडम से भारत आने वाले किसी भी यात्री को नहीं चढ़ाएंगी और यह सुनिश्चित करेगी कि यूनाइटेड किंगडम से आने वाला कोई भी यात्री सीधे या परोक्ष रूप से भारत के किसी भी गंतव्य के लिए जाने वाली उड़ान में न चढ़े।एहतियात के तौर पर, सभी ट्रांजिट उड़ानों (22 दिसंबर 2020 को 23.59 बजे से पहले उड़ान भरने वाली या भारत पहुंचने वाली) से यूनाइटेड किंगडम से आने वाले यात्रियों केलिए भारत पहुंचने पर आगमन वाले हवाई अड्डे पर आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य होगा। भारत आने के बाद कोविड-19 पॉजिटिव पाये जाने वाले यात्रियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार क्वारंटीन किया जायेगा और उन्हें इसका चिकित्सा खर्च वहन करना होगा।---
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि खुले दिमाग के, लोकतांत्रिक और पारदर्शी समाज नवाचार के लिए सबसे उपयुक्त है। आज छठे भारत-जापान संवाद सम्मेलन को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक विकास पर चर्चा सिर्फ कुछ देशों के बीच नहीं हो सकती है। उन्होंने जोर दिया कि इस चर्चा का एजेंडा व्यापक होना चाहिए और विकास की रूपरेखा मानव-केंद्रित दृष्टिकोण पर आधारित होनी चाहिए।प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दशक और उससे आगे का समय उन समाजों का होगा जो सीखने और नवाचार पर एक साथ ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि नवाचार मानव सशक्तीकरण का आधार है और सीखने की प्रक्रिया में नवाचार को बढ़ावा देना चाहिए।भगवान बुद्ध के विचारों और आदर्शों को बढ़ावा देने के लिए इस संवाद मंच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, श्री मोदी ने पारंपरिक बौद्ध साहित्य और धर्मग्रंथों से संबंधित एक पुस्तकालय के निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय विभिन्न देशों के सभी बौद्ध साहित्य की डिजिटल प्रतियां एकत्र करेगा।प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पुस्तकालय न केवल साहित्य का भंडार होगा, बल्कि यह मानव, समाज और मनुष्य और प्रकृति के बीच अनुसंधान और संवाद का भी एक मंच होगा। उन्होंने कहा कि इस पुस्तकालय के उद्देश्?यों में यह भी शामिल होगा कि बुद्ध के संदेश हमारी समकालीन चुनौतियों जैसे गरीबी, जातिवाद, उग्रवाद, लिंग भेदभाव और जलवायु परिवर्तन से निपटने में कैसे सहायक हो सकते हैं।इस संवाद के महत्व पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि इसे पृथ्वी पर सकारात्मकता, एकता और करुणा की भावना का प्रसार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवाद का उद्देश्य एक साथ चलना है। श्री मोदी ने कहा कि यह वह समय है जब हमें अपने प्राचीन मूल्यों का स्मरण करते हुए आने वाले समय के लिए तैयारी करनी होगी।उन्होंने इस बात पर बल दिया कि मानवतावाद हमारी नीतियों का आधार होना चाहिए और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने संवाद को लगातार समर्थन के लिए जापान सरकार को धन्यवाद दिया। सम्मेलन से पूर्व अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मंच पिछले कुछ वर्षों में काफी विकसित हुआ है और इसने वैश्विक शांति, सद्भाव और भाईचारे को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया है।संवाद सम्मेलन में अहिंसा और लोकतंत्र की सकारात्मक परंपराओं पर आधारित एशिया के भविष्य निर्माण पर चर्चा होती है।
- महोबा (उप्र। महोबा जिले के खन्ना थाना क्षेत्र में खन्ना टोल प्लाजा के पास एक डीसीएम (छोटे ट्रक) की टक्कर लगने से बाइक चला रहे होमगार्ड की मौत हो गयी जबकि पीछे बैठा सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेन्द्र कुमार गौतम ने रविवार को बताया, डायल 112 की मोटरसाइकिल को एक तेज रफ्तार डीसीएम वाहन ने खन्ना टोल प्लाजा के पास पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल चला रहे होमगार्ड जवान हरिचरन प्रजापति (40) की मौत हो गयी और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा खन्ना थाने का सिपाही राजकरन (30) गंभीर रूप से घायल हो गया।" उन्होंने बताया, "डायल 112 में तैनात सिपाही और होमगार्ड ड्यूटी करने बहिंगा गांव जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।" पुलिस अधिकारी ने बताया, "गंभीर रूप से घायल सिपाही को जिले के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
- नई दिल्ली। सरकार ने आंदोलनकारी किसानों से अगले दौर की वार्ता के लिए तारीख तय करने को कहा है। कृषि मंत्रालय में संयुक्त सचिव विवेक अग्रवाल ने किसान संगठनों को लिखे पत्र में उऩसे मुद्दों को हल करने के लिए बातचीत का आग्रह किया है।उन्होंने कहा कि केन्द्र किसानों द्वारा उठाए गये सभी मुद्दों का खुले मन के साथ सही हल ढूंढने के सभी प्रयास कर रहा है। श्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार मुद्दे का हल ढूंढने के लिए नई दिल्ली के विज्ञान भवन में अगले दौर की बैठक आयोजित करने की इच्छुक है। उन्होंने पत्र में लिखा कि सरकार ने कई अन्य किसान संगठनों के साथ बैठक की और इस मुद्दे पर उनके सुझाव मांगे। किसानों के नेताओं ने कृषि कानूनों के कुछ प्रावधानों को संशोधित करने के सरकार के मसौदा प्रस्ताव को खारिज कर दिया था और बैठक में भाग लेने से इंकार कर दिया था। इसके बाद किसानों और सरकार के बीच छठे दौर की बातचीत रद्द हो गई थी।---
- नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) ने कुत्तों के लिए सार्वजनिक श्मशान के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस श्मशान में कुत्तों के अंतिम संस्कार के बाद उनकी अस्थियों को 15 दिनों तक रखने का इंतजाम होगा। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी। इस श्मशान का निर्माण द्वारका में होगा और यह 700 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला होगा। कुत्ता पालने वालों ने इस परियोजना का स्वागत किया है।निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''हाल में एसडीएमसी ने परियोजना को अंतिम आधिकारिक मंजूरी प्रदान की थी। हम जल्द ही निविदा आमंत्रित करेंगे। यह सार्वजनिक निजी साझेदारी (पीपीपी) परियोजना होगी।'' उन्होंने कहा कि मनुष्य-पशु का संबंध बहुत खास होता है और कुत्ते या बिल्ली पालने वालों के लिए, उनके पालतू जानवर परिवार के सदस्यों की तरह होते हैं। अधिकारी नेे कहा, ''इसलिए जब किसी पालतू जानवर की मौत होती है तो दु:ख परिवार के किसी सदस्य को खोने के समान ही होता है। हम चाहते हैं कि ऐसे जानवर का भी अंतिम संस्कार गरिमापूर्ण तरीके से हो सके। इसलिए, हमने इसके लिए प्रावधान बनाने को कहा है कि श्मशान में एक पुजारी हो जो किसी मृत पालतू जानवर का अंतिम संस्कार पारंपरिक तरीके से कराये।'' पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी ने कहा कि पालतू जानवरों के कई मालिक अपने जानवर की अस्थियां नदियों में विसर्जित करना चाहते हैं, इसलिए इस ''भावना को भी ध्यान में रखा जाएगा।'' उन्होंने कहा, ''नए श्मशान में, दाह संस्कार की तारीख से 15 दिनों के लिए अस्थियों को रखने का प्रावधान होगा, ताकि लोग इसे अपनी सुविधानुसार ले सकें।''श्मशान का निर्माण एसडीएमसी द्वारा किया जाएगा, लेकिन शहर भर के लोग इसका लाभ उठा सकेंगे। यह कुत्तों और बिल्लियों दोनों के अंतिम संस्कार के लिए होगा। अक्टूबर में नगर निगम की स्थायी समिति ने शहर में इस तरह की पहली इकाई में पालतू और आवारा कुत्तों के अंतिम संस्कार के लिए किये जाने वाले भुगतान की राशि तय की थी। अधिकारी ने कहा, ''30 किलोग्राम तक के कुत्ते के लिए 2 हजार रुपये और 30 किलोग्राम से अधिक के लिए 3 हजार रुपये देने होंगे।'' हालांकि, वहां आवारा कुत्तों का अंतिम संस्कार मुफ्त में किया जा सकेगा।-
-
नयी दिल्ली। दिल्ली शीत लहर की चपेट में है और रविवार को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह अब तक सबसे सर्द सुबह रही। सफदरजंग वेधशाला में शनिवार को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, सफदरजंग वेधशाला में रविवार सुबह तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहते हुए 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम पारा 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य तापमान है। विभाग ने बताया कि लोधी रोड पर पारा 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है। शुक्रवार को जाफरपुर मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शहर में बृहस्पतिवार को बेहद ठंडा दिन दर्ज किया गया था जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था और इस मौसम का सबसे कम तापमान था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शनिवार को यह 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। -
लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम को व्यापार मंडल के अध्यक्ष 52 वर्षीय सुजीत कुमार पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पांडेय की पत्?नी इंद्रजीत खेड़ा गांव की प्रधान हैं। लखनऊ के पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर ने बताया, आज शाम प्रधान के पति सुजीत पांडेय गौरा गांव में अपने ईंट भट्टे पर अपनी गाड़ी से गये थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक मोटर साइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उन पर हमला किया और पांडेय को गोली लगी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही असलियत पता चलेगी।'' ठाकुर ने बताया, मौके पर आठ खोखे मिले हैं और यह भी ज्ञात हुआ है कि पांडेय ने भी हमलावरों पर गोली चलाई थी। उनके पास लाइसेंसी पिस्तौल है। पुलिस को घटनास्थल से नौ एमएम के चार और 32 बोर के चार खोखे मिले हैं। उन्होंने आशंका जताई कि घटना में कोई ऐसा शख्स शामिल है जो पांडेय की दैनिक दिनचर्या से पूरी तरह वाकिफ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार भट्टे के गेट पर पहले से घात लगाकर खड़े बाइक सवार बदमाशों ने पांडेय पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी और खुद को बचाने के लिए पांडेय ने गाड़ी तेजी से बढ़ाई और बचाव में बदमाशों पर फायरिंग की। स्थानीय लोगों ने बदमाशों पर पथराव कर उन्हें पकडऩे की कोशिश की लेकिन बाइक सवार बदमाश आसानी से भाग निकले। आसपास के लोगों की मदद से पांडेय को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। -
ललितपुर। यूपी के ललितपुर जिले में तालबेहट थाना क्षेत्र के माताटीला बांध के सीताकुंड में रविवार को पांच साल की बच्ची को डूबने से बचाने के लिए पानी में कूदी बच्ची की मां और उसके नाना की डूबकर मौत हो गयी। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बृजेश कुमार सिंह ने बताया, माताटीला बांध के सीताकुंड में रविवार को पांच साल की बच्ची खेलते-खेलते गहरे पानी में उतर गई और डूबने लगी। उसे डूबता देख बच्ची की मां नाजिया (32) और उसके नाना हसन (62) पानी में कूद गए। उन्होंने बताया कि शोर-शराबा सुनकर कई अन्य लोग भी तीनों को बचाने के लिए पानी में कूदे और बच्ची को तो बचा लिया, मगर नाजिया और उसके पिता हसन की डूबने से मौत हो गयी। एएसपी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। -
मोरबी। गुजरात के मोरबी शहर की एक गली में मोटरसाइकिल हटाने को लेकर दो समूहों के बीच हुई झड़प में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। मोरबी के पुलिस अधीक्षक एस आर ओदेदरा ने बताया कि झड़प के दौरान गोली लगने से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि धारदार हथियार से हमले में गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मोरबी में एक गली से मोटरसाइकिल हटाने के मुद्दे पर दो गुटों में भिड़ंत हो गई। विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिसमें छह लोग घायल हो गए। उन्हें मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उनमें से दो की मौत हो गई। ओदेदरा ने बताया कि चार अन्य घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।उन्होंने कहा, घटना की जांच चल रही है और मोरबी के खाटकी वास इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जहां यह घटना हुई। अधिकारी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। -
नोएडा। गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने कोविड-19 के प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर बिना मास्क के घूम रहे 342 लोगों का रविवार को चालान काटा। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान घर से मास्क लगाकर निकलना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग नियमों का उल्लंघन कर बिना मास्क के घर से निकल रहे हैं। रविवार को गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने ऐसे 342 व्यक्तियों का चालान किया। उन्होंने बताया कि इन लोगों से 34,200 रूपए चालान शुल्क के रूप में वसूले गए। उन्होंने बताया कि बिना मास्क के घर से निकलने वाले लोगों के खिलाफ गौतम बुद्ध नगर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और विभिन्न बाजारों, भीड़भाड़ वाली जगहों तथा मॉल आदि में जांच कर रही है।
-
मेदिनीनगर। पलामू जिले के चैनपुर थानान्तर्गत गुरही गांव में भूमि विवाद को लेकर दो चचेरे भाइयों के बीच संघर्ष में एक की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही गांव पहुंच कर शव बरामद कर लिया और हत्या के आरोपी उमेश राम की तलाश शुरू कर दी है। चैनपुर थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी उमेश राम का अपने चचेरे भाई अजय राम के साथ भूमि के एक टुकड़े के स्वामित्व को लेकर तनाव था और इसी मामले में अजय राम (44) की उसने हत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


.jpg)

.jpg)




.jpg)

.jpg)



.jpg)



.jpg)






.jpg)
.jpg)