ब्रेकिंग न्यूज़

सीओपी31: भारत ने औद्योगिक बदलाव के लिए लीडआईटी के तीसरे चरण की शुरुआत की

 नई दिल्ली। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी31) के दौरान अंताल्या में आयोजित उद्योग जगत के नेताओं की गोलमेज बैठक में उद्योग परिवर्तन के लिए नेतृत्व समूह (लीडआईटी 3.0) के तीसरे चरण की शुरुआत की घोषणा की।

 इस गोलमेज बैठक की सह-अध्यक्षता मंत्री भूपेंद्र यादव और स्वीडन के जलवायु एवं उद्यम मंत्रालय की राज्य सचिव हेलेना डायरसन ने की। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र जलवायु कार्रवाई के विशेष सलाहकार और सहायक महासचिव सेल्विन हार्ट भी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि भू-राजनीतिक संघर्षों, ऊर्जा बाजारों में उतार-चढ़ाव और विकास की अलग-अलग प्राथमिकताओं के बीच अंतरराष्ट्रीय सहयोग पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। विशेष रूप से उन औद्योगिक क्षेत्रों में सहयोग की जरूरत है, जहां कार्बन उत्सर्जन कम करना मुश्किल है।उन्होंने जोर दिया कि भारत की गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा तक पहुंच, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विकास जैसी प्राथमिकताओं को सतत और कम कार्बन वाले भविष्य की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
भारत की जलवायु संबंधी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि देश ने 2005 से 2022 के बीच उत्सर्जन की तीव्रता में 37.38 प्रतिशत की कमी हासिल की है। इसके साथ ही भारत ने अपनी स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित स्रोतों की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत तक पहुंचा दी है, जो निर्धारित लक्ष्य से पांच साल पहले हासिल की गई उपलब्धि है। भारत का अतिरिक्त वन कार्बन सिंक भी लगभग 2.44 अरब टन कार्बन डाइऑक्साइड समतुल्य तक पहुंच गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की इन उपलब्धियों पर बैठक में उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर सराहना की। जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयासों में भारत की प्रतिबद्धता को दूसरे देशों के लिए मार्गदर्शक बताया गया। सेल्विन हार्ट और यूरोपीय संघ ने भी कठिन औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन उत्सर्जन कम करने के भारत के प्रयासों की सराहना की।
भारत और स्वीडन ने 2019 में लीडआईटी की शुरुआत की थी। इसकी अब तक की प्रगति का उल्लेख करते हुए यादव ने बताया कि दूसरे चरण में भारत-स्वीडन उद्योग परिवर्तन साझेदारी के तहत इस्पात और सीमेंट क्षेत्रों में 11 प्रारंभिक परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। इसके अलावा, कम कार्बन उत्सर्जन वाले भारी वाहनों के परिवहन क्षेत्र में भी सहयोग का विस्तार किया गया।इन परियोजनाओं में हाइड्रोजन आधारित लौह निर्माण, औद्योगिक ताप का विद्युतीकरण, कार्बन कैप्चर एवं उपयोग, सीमेंट निर्माण में क्लिंकर के विकल्पों का इस्तेमाल, औद्योगिक संसाधनों का पुनर्चक्रण और सीमेंट की मांग कम करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग शामिल है।मंत्री ने बताया कि लीडआईटी ने जलवायु निवेश कोष के तहत दक्षिण अफ्रीका की निवेश योजना और कम कार्बन वाले सीमेंट के क्षेत्र में इथियोपिया के प्रयासों को भी समर्थन दिया है।लीडआईटी का सदस्यता आधार बढ़कर 20 देशों और 33 कंपनियों तक पहुंच गया है। यादव ने ब्राजील का नए देश के सदस्य के रूप में स्वागत किया। इससे वैश्विक दक्षिण की आवाज और दक्षिण-दक्षिण सहयोग के अवसरों को मजबूती मिलेगी।वर्ष 2027 से 2030 तक चलने वाले लीडआईटी 3.0 का उद्देश्य साझेदारियां स्थापित करने से आगे बढ़कर औद्योगिक परियोजनाओं का विस्तार करना, निवेश जुटाना और ठोस परिणाम हासिल करना होगा। इसके तहत तीन प्रमुख प्राथमिकताएं तय की गई हैं। इनमें औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से प्रौद्योगिकी का विकास और प्रसार, परियोजनाओं को वित्तपोषण से जोड़ने के लिए पूंजी जुटाना और निवेश जोखिम कम करना तथा क्षमता निर्माण एवं नीतिगत समर्थन शामिल हैं। इसमें कार्बन बाजार और कार्यबल के बदलाव से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
इस्पात, सीमेंट और परिवहन इसके प्रमुख क्षेत्र बने रहेंगे, हालांकि इस मंच को नए क्षेत्रों और प्रौद्योगिकियों के लिए भी खुला रखा जाएगा।
यादव ने व्यवहार्यता अध्ययन से आगे बढ़कर पायलट परियोजनाओं, प्रदर्शन और सफल मॉडलों को दोहराने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने देशों और कंपनियों से इस पहल में शामिल होने तथा औद्योगिक बदलाव से जुड़ी प्रतिबद्धताओं को वास्तविक कार्रवाई में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लीडआईटी 3.0 की शुरुआत ऐसे समय में हो रही है, जब सीओपी31 की अध्यक्षता ने इस सम्मेलन को ‘कार्यान्वयन का सीओपी’ बताया है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक बदलाव की प्रक्रिया में श्रमिकों, समुदायों और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के लिए भी नए अवसर पैदा होने चाहिए। अपने संबोधन के समापन पर मंत्री ने वैश्विक औद्योगिक परिवर्तन को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english